बेरी। छुछकवास-जहाजगढ़ मार्ग पर ढाणी इस्लामगढ़ मोड़ के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से कार टकराने के कारण हरियाणा पुलिस के जवान कर्मबीर की मौत हो गई। गांव ढाणी इस्लामगढ़ निवासी कर्मबीर हरियाणा पुलिस में ईएचसी के पद पर कार्यरत थे और झज्जर साइबर थाना में तैनात थे। वह करीब दो माह से मधुबन में प्रशिक्षण पर थे और एक दिन की छुट्टी लेकर कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया।
एफआईआर के अनुसार मृतक के चाचा रामनिवास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल कर्मबीर को राहगीरों की मदद से छुछकवास पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झज्जर के नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। कर्मबीर की दो बेटियां हैं।
बेरी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि ढाणी इस्लामगढ़ मोड़ के पास सड़क पर खड़े ट्रक से कार टकराने की सूचना मिली थी। मृतक के चाचा के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।