चकरनगर। इटावा पुलिस ने बीहड़ क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम उठाया है। मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को दस्यु प्रभावित रहे पिपरौली गढ़िया, जांगरा, काला पत्थर और अड्डा गांव से शिक्षा से वंचित आठ बच्चों को खोजकर स्कूल में दाखिला करवाया। मंगलवार को पुलिस ने गांव से स्कूल तक पहुंच मार्ग को दुरुस्त कराकर ग्रामीणों को एकत्रित किया और शिक्षा के महत्व को समझाया।
पुलिस की इस पहल से प्रेरित होकर अभिभावकों ने अपनी बेटियों को स्कूल भेजने के लिए सहमति दी। जिला मुख्यालय से 55 किलोमीटर दूर स्थित जांगरा गांव के प्राथमिक विद्यालय में एसएसपी अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव और एसपी ग्रामीण श्रीश्चंद्र की मौजूदगी में रीता, प्रीति, सोनाक्षी, खुशी, ऋतिका, स्नेहा सहित छह छात्राओं तथा अमित कुमार और गोलू का नामांकन कराया गया।
साथ ही कॉपी, पैन, बॉक्स, बैग भी दिया। एसएसपी ने बताया कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। कार्यक्रम में सीओ अवनीश कुमार, थानाध्यक्ष बिठौली राजेंद्र विक्रम सिंह, भरेह जगदीश भाटी मौजूद रहे।