झज्जर। जिले के चार सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए जल्द ही फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी लैब की सौगात मिलेगी। इसके लिए हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की तरफ से स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। इसके लिए सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में लैब बनाई जाएंगी। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने इसकी मंजूरी प्रदान कर दी है। फिलहाल जिले के बेरी ब्लाॅक के धांधलान, भंभेवा, गोरिया तथा डीघल गांव के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी लैब की बिल्डिंग का निर्माण करवाया जाएगा। इस पर एक करोड़ 24 लाख 69 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
यहां बनेंगी लैब
लैब के लिए धांधलान गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भंभेवा के राजकीय संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गोरिया गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और डीघल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का चयन किया गया है। बिल्डिंग का निर्माण होने के बाद पूरी तरह से अलग से लैब विद्यार्थियों को मिल जाएगी।
परिषद ने लगाए थे टेंडर, एक साल में बनकर तैयार होंगी लैब
हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की तरफ से लैब के निर्माण के लिए ऑनलाइन टेंडर पिछले दिनों जारी किए गए थे। कम रेट वाली फर्म को टेंडर अलॉट किए जाएंगे। उसके बाद वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा। वर्क ऑर्डर जारी होने के एक साल के अंदर बिल्डिंग का निर्माण कार्य पूरा करना होगा।
वर्जन
जिले के चार सरकारी स्कूलों में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी लैब की बिल्डिंग का निर्माण कार्य किया जाएगा। इसके लिए परिषद की तरफ से टेंडर लगाए गए थे। बिल्डिंग का निर्माण होने पर बच्चों को काफी फायदा मिलेगा।
विकास शर्मा, जेई, समग्र शिक्षा अभियान, झज्जर