जनपद के पेट्रोल पंपों पर बुधवार से बिना हेल्मेट के दो पहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। यह सहमति सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी अखिलेश चौरसिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पेट्रोल पंप मालिकों के बीच बनीं। पंपों पर सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए गए, साथ ही कैश जमा करने जाने पर पुलिस का साथ मिलने का आश्वासन दिया गया।
एसएसपी ने कहा कि चार पहिया वाहन चालकों से भी बेल्ट बांधने का आग्रह किया जाए। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे लगे होने से घटनाओं का खुलासा होने में आसानी होती है। साथ ही बदमाश भी डरते हैं। पेट्रोल पंप मालिक जब भी बैंक के लिए कैश ट्रांजिक्शन करें, नजदीक के थाने में सूचना जरूर दे। उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।
पेट्रोल पंपों पर घटतौली की शिकायत नहीं आना चाहिए और न चिप आदि का प्रयोग करें। इसके लगातार चेकिंग जारी रहेगी। इस दौरान एसपी सिटी दिनेश सिंह, सीओ सिटी जंग बहादुर यादव, झांसी डीजल- पेट्रोल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव बब्बर, उपाध्यक्ष राहुल रिछारिया, मुकुंद मेहरोत्रा, मनीष नेवालकर, अनिल जैन, नीलू गुप्ता, संजीव बब्बर, राजेंद्र गुप्ता, देवेश अग्रवाल, जितेंद्र सेठ व अन्य पेट्रोल पंप मालिक मौजूद रहे।
झांसी में पेट्रोल भराने पर अधिक विश्वास
पेट्रोल पंप मालिकों का बैठक में कहना था कि जनपद में 120 पेट्रोल पंप हैं और सभी की बिक्री बहुत अच्छी है। इसका कारण चेन्नई, मुंबई, दिल्ली से आने वाले ट्रक चालकों का विश्वास है। अधिकांश ट्रक चालक झांसी के पेट्रोल पंपों पर ही डीजल भराते हैं, क्योंकि उनको विश्वास रहता है कि यहां डीजल भराने से उनको एवरेज अच्छा मिलता है। इस बात को एसएसपी ने भी स्वीकार किया।