बहादुरगढ़। भाजपा नेता और पूर्व पार्षद जसबीर सैनी ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। यदि किसी नागरिक को समस्या के समाधान के लिए दो-तीन बार चक्कर लगाने पड़ते हैं तो यह गंभीर लापरवाही है।
सेक्टर-13 में लोगों की समस्याएं सुनते हुए जसबीर सैनी ने कहा कि प्रशासन का दायित्व है कि नागरिकों की शिकायतों को संज्ञान में लिया जाए और समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता केवल आश्वासनों से नहीं बल्कि धरातल पर काम चाहती है। इस अवसर पर जसबीर सैनी ने सेक्टर-13 में नए पार्क के रेनोवेशन कार्य की शुरुआत पौधारोपण कर की।
उन्होंने यहां के निवासियों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र की सभी समस्याओं का समाधान जनता को साथ लेकर किया जाएगा, न कि केवल फोटो सेशन तक सीमित रहकर। सैनी ने दो टूक कहा कि फोटो सेशन करने वाले नेताओं से अब जनता भी तंग आ चुकी है। उन्होंने कहा कि सड़क, पार्क, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल कराया जाएगा।
सैनी ने यह भी बताया कि वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सेक्टर-13 सहित बहादुरगढ़ की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराएंगे। स्थानीय लोगों ने भी इस दौरान अपनी समस्याएं रखीं और उम्मीद जताई कि अब उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।