विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस हाईकमान ने भी संगठन में फेरबदल किया है। चित्रकूट जिलाध्यक्ष रामभवन गुप्ता को हटाकर पंक ज मिश्रा को नया जिलाध्यक्ष घोषित किया है। वह जिले के सातवें कांग्रेस के सबसे कम उम्र के जिलाध्यक्ष हुए हैं। इसके पूर्व यह रिकार्ड़ पुष्पेंद्र सिंह के नाम था।
मूल रूप से राजापुर सरधुआ निवासी पंकज मिश्रा वर्तमान में पहाड़ी के बछरन में परिवार के साथ रहते हैं। वर्तमान में वह कांग्रेस के प्रदेश सचिव थे। उन्हें राहुल गांधी की खाट सभा के दौरान कई बार साथ देखा गया। 2004 से छात्र राजनीति से शुरुआत कर उन्होंने अतर्रा डिग्री कालेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन किया। इसके एक साल बाद कांग्रेस ज्वाइन की। 2007 में कांग्रेस के आम आदमी का सिपाही (अक्स) में शामिल हुए। दो माह बाद ही एनएसयूआई के मंडल प्रभारी बनाए गए। 2009 में यूथ कांग्रेस के जिला महासचिव बनाए गए। 2010 में यूथ कांग्रेस के लोकसभा अध्यक्ष और फिर 2014 में आल इंडिया कांग्रेस यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी बने।
इसी प्रकार लोकसभा चुनाव में युवा कांग्रेस का गुजरात व छत्तीसगढ़ का आब्जर्वर बनाकर भेजा गया। इसके बाद विधानसभा छत्तीसगढ़ के चुनाव में कोआर्डिनेटर व आब्जर्वर बनाकर भेजे गए। वर्तमान में वह प्रदेश सचिव पद पर थे। अब शुक्रवार को उन्हें जिलाध्यक्ष बनाया गया है। वह जिले के सातवें जिलाध्यक्ष बने हैं। इसके पूर्व ब्रजलाल सिंह उर्फ चुन्नी सिंह, कमलाप्रसाद गुप्ता, आलोक द्विवेदी, पुष्पेंद्र सिंह, माताबदल भारतीय व रामभवन गुप्ता जिलाध्यक्ष रह चुके हैं।