रामगंगा का जलस्तर कम होने से तेज धारा के चलते गांव अलादपुर भटौली में कटान तेज हो गया है। इससे लोगों की रातों की नींद उड़ गई है। जलस्तर कम होता जा रहा है। वैसे-वैसे गांव अलादपुर भटौली में कटान तेज होता जा रहा है।
रातों रात मिट्टी के टीले तेज धारा से कट कर पानी में समा रहे है। खेत पानी में समा चुके है। एक दर्जन ग्रामीण अपने आवासों को तोड़कर मलवे को सड़क किनारे लगा चुके है। रात में कब किसका मकान कटान की चपेट में आ जाए, इस डर से ग्रामीण रात में कटान पर नजर रखने को जागते है।
इस गांव में बीमार लोगों को दवा देने के लिए स्वास्थ्य टीम अभी तक नहीं गई है। ग्रामीणों का हाल लेने अभी तक कोई जनप्रतिनिधि गांव में नहीं गया। एसडीएम वसंत लाल ने बताया कि लेखपाल राजीव पांडेय ने नौ झोपड़ियों के गिरने की सूचना दी है। नायब तहसीलदार भानु प्रताप से सर्वे कराकर सूची तैयार कराई जाएगी।
अमृतपुर। बाढ़ प्रभावित इलाकों में पानी कम होने से कई ग्रामीण बुखार, खासी, आंखों में जलन जैसी बीमारियों से ग्रसित है। इनके उपचार के लिए गांव जाने को बनाई गई स्वास्थ्य टीमे कागजों में गांवों में पहुंच रही है। वास्तव में अभी तक किसी गांव में स्वास्थ्य टीम नहीं गई है। इस कारण बीमार ग्रामीण झोलाछाप डाक्टरों से उपचार कराने को मजबूर है।
गांव जोगराजपुर, सुंदरपुर, कुडरी, जटपुरा, कैलयाई, रामप्रसाद नगला, तीसराम की मढैया में संक्रामक रोग फैलने से कई ग्रामीण बीमारियों की चपेट में चुके है। तीसराम की मड़ैया निवासी विपिन कुमार, विजय पाल, सुरेश चंद्र, वृजेश ने बताया कि गांव में कई लोग बीमार है। स्वास्थ्य टीम गांव में दवा देने नहीं आई है।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. आरिफ सिद्दीकी ने बताया कि टीमों को गांवों में भेजा जा रहा है। वह कहा जा रही है, इस संबंध में टीमों से जानकारी की जाएगी। एसडीएम वसंत कुमार ने बताया कि टीम गांव में नहीं जा रही है। इसकी जांच करा कर कार्रवाई के लिए डीएम और सीएमओ को पत्र भेजा जाएगा।
शमसाबाद में गंगा में आई बाढ़ के पानी से घिरे गांव कमथरी में शनिवार को डीएम रविंद्र कुमार और एसपी दयानंद मिश्रा नाव से गांव पहुंचे। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं सुनी और उनका समाधान करने का आश्वासन दिया। कोटेदारों को राशन बांटने के निर्देश दिए है। गांव के जाने वाले रास्ते में पानी भरा होने के कारण डीएम और एसपी पहले ट्रैक्टर पर बैठकर गांव के नजदीक पहुंचे। पानी अधिक होने पर तहसीलदार ने नाव की व्यवस्था की।
तब डीएम, एसपी और अन्य अधिकारी नाव में बैठकर गांव में पहुंचे। डीएम ने कहा ग्रामीणों को न्यामतपुर भुकसी और सुल्तान खरेटा में पट्टे पर जमीन दी जाएगी। डीएम ने सड़कों की मरम्मत के आदेश दिए । कोटेदार रामजीत व रामशंकर को राशन बांटने के निर्देश दिए। डॉ. अभिलाश यादव को बुलाकर डीएम ने बीमार ग्रामीणों को दवा दिलवाई।