पांपोर हमले में घायल सीआरपीएफ के जवानों में से दो की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। दोनों का एक और आपरेशन होना है। उधर, हमले के तीसरे दिन सोमवार को भी जम्मू-श्रीनगर हाईवे सहित पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही।
श्रीनगर में सीआरपीएफ के प्रवक्ता राजेश यादव ने बताया कि हमले में गंभीर रूप से घायल जवानों का 92 बेस अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है। इनमें से दो की हालत ज्यादा गंभीर है। इनका अभी एक और आपरेशन होना है।
इसके साथ ही 17 जवान विभिन्न वार्डों में उपचार करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि तीन जवानों को स्किम्स सौरा में इलाज के लिए भेजा गया है। वार्ड में भर्ती मरीजों की हालत में सुधार हो रहा है। उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।
उधर, हमले के बाद पांपोर तथा आसपास के इलाकों, हाईवे और श्रीनगर शहर में सुरक्षा कड़ी रही। जगह-जगह नाके लगाकर जबर्दस्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। श्रीनगर-जम्मू हाईवे पर पांपोर के साथ ही दक्षिणी कश्मीर के बिजबिहाड़ा, अनंतनाग तथा अन्य स्थानों पर सुरक्षा बलों की गश्त बढ़ाई गई है। संवेदनशील स्थानों पर जवानों को पैनी निगाह रखी जा रही है।