-फोटो 88 : शहर के एक शोरूम में डिलिवरी के लिए सजी कार। संवाद
बहादुरगढ़। करवाचौथ पर वीरवार को शहर के बाजारों में खूब रौनक रही। ज्वैलर्स के अनुसार पर्व पर पांच करोड़ रुपये से अधिक के गहनों का कारोबार हुआ। सोने-चांदी के दामों में पिछले चार-पांच दिनों में आई गिरावट के बीच ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। वहीं विभिन्न ऑटो शोरूम में 15 कारों की डिलीवरी दी गई।
हरियाणा स्वर्णकार संघ एसोसिएशन के अध्यक्ष पवन वर्मा ने बताया कि करवाचौथ पर शहर में पांच करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। गहनों के अलावा कपड़ों, मेकअप के सामान और पूजा सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही रही। चांदी, पीतल और मिट्टी के करवे समेत पूजन सामग्री की बिक्री हुई। ब्यूटी पार्लरों में भी अच्छी बुकिंग रही।
मंगलसूत्र, नेकलेस और अंगूठी की मांग
रेलवे रोड, मेन बाजार, नजफगढ़ रोड, दिल्ली-रोहतक रोड और नाहरा-नाहरी रोड पर ग्राहकों की भीड़ रही। सोने, चांदी और डायमंड के आभूषणों में मंगलसूत्र, नेकलेस, अंगूठी और नाम के लॉकेट की मांग रही। चांदी की पाजेब, चूड़ियों, बिछिया और चूड़े की भी बिक्री हुई।
दीवाली पर कारोबार की उम्मीद
करवाचौथ पर अच्छी बिक्री के बाद ज्वैलर्स ने दीवाली की तैयारियां शुरू कर दी हैं। कारोबारियों को आगामी त्योहार पर भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
-फोटो 88 : शहर के एक शोरूम में डिलिवरी के लिए सजी कार। संवाद
-