संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। गांव टांडाहेड़ी के पास दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में मृतक के पिता की एफआईआर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मृतक की पहचान गांव मांडौठी निवासी करीब 20 वर्षीय विजय के रूप में हुई है। वह बहादुरगढ़ से अपने गांव की ओर जा रहा था। तभी टांडाहेड़ी के पास यह हादसा हुआ। टक्कर में विजय और दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद राहगीरों ने घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने विजय को मृत घोषित कर दिया। वहीं महावीर पार्क निवासी गौतम को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि उसके साथ सवार आदित्य को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।