09jjrp05- बेरी एसएमओ को ज्ञापन सौंपती नर्सिंग ऑफिसर। स्रोत : यूनियन
बेरी। हरियाणा महिला राज्य आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया द्वारा कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश सिविल अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ को फटकार और उनकी बेटियों के संदर्भ में की गई टिप्पणी के बाद जिले में भी विरोध शुरू हो गया है।
मंगलवार को बेरी के नागरिक अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ ने दो घंटे की पेन-डाउन हड़ताल की और एसएमओ को ज्ञापन सौंपा। बेरी अस्पताल की सीनियर नर्सिंग ऑफिसर राजेश्वरी ने कहा कि जिस बच्ची के साथ मामला हुआ है, उसे न्याय मिलना चाहिए और पूरा नर्सिंग स्टाफ उसके साथ खड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नर्सिंग स्टाफ का मामले में कोई दोष नहीं है, फिर भी उन्हें महिला आयोग चेयरपर्सन की ओर से बेवजह घसीटा जा रहा है।
राजेश्वरी ने कहा कि ओपीडी ड्यूटी का मतलब यह नहीं है कि हर मरीज के साथ एक-एक नर्स खड़ी रहे। रेणु भाटिया ने आरोप लगाया कि नर्सिंग स्टाफ की मिलीभगत से घटना हुई, जिससे स्टाफ नाराज है। स्टाफ नर्स सुमन ने भी कहा कि कुरुक्षेत्र अस्पताल में नर्स के साथ दुर्व्यवहार हुआ और इसमें दोष डॉक्टर का है, क्योंकि उन्होंने मौके पर किसी नर्स या महिला स्टाफ को नहीं बुलाया।