प्राचीन नगरी काशी का पुराना मुहल्ला हो या बेहद संकरी गली। लोगों के दरवाजे तक बाइक टैक्सी पहुंच सकेगी। जाम के बावजूद आप कम किराये में समय से गंतव्य तक पहुंच सकते हैं। दरअसल बनारस की संरचना को ध्यान में रखते हुए पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर निजी कंपनियों ने बाइक टैक्सी सुविधा की शुरुआत की है। इसका खासा फायदा आम लोगों को मिलने भी लगा है।
बनारस में लगने वाले जाम की वजह से अक्सर लोगों की बस, ट्रेन यहां तक कि फ्लाइट तक छूट जाती है। वहीं गलियों में रहने वाले लोगों को टैक्सी पकड़ने के लिये सड़क तक आना पड़ता है क्योंकि संकरी गलियों में चार पहिया वाहन नहीं प्रवेश कर पाते। इस समस्या को देखते हुए निजी कंपनियों ने बाइक टैक्सी की सुविधा शुरू की है।
बाइक टैक्सी संकरी गलियों में भी पहुंच जाते हैं। वहीं जाम में भी बाइक को बहुत समस्या नहीं होती। यात्री को इसके लिए किराया भी कम देना पड़ रहा है। पहले तीन किलोमीटर के लिए 25 रुपये, तीन से छह किलोमीटर के लिए प्रति किलोमीटर पांच रुपये चुकाना पड़ रहा है। वहीं छह किलोमीटर के ऊपर जाने पर प्रति किलोमीटर आठ रुपये यात्री को देना होगा।