पुराने नोटों पर बैन और नए नोट बाजार में आने के 10 दिन बाद भी लोगों को नोट बदलवाने और अपने एकाउंट से ट्रांजेक्शन करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई एटीएम में अब भी कैश नहीं है। वीरवार देर रात के बाद से जिले के अधिकतर एटीएम से करेंसी समाप्त होने के बाद लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अधिकतर बैंकों के एटीएम में शुक्रवार को दोपहर 12 बजे के बाद लोगों को कैश मिलना शुरू हुआ। बैंक प्रबंधकों की मानें तो दो हजार के नए नोट और 100 और पचास रुपये की गड्डी की सप्लाई कम होने के कारण ऐसी परिस्थिति बनी है। डीसी डॉ. गरिमा मित्तल ने कहा है कि माता मनसा देवी मंदिर व कालका के काली माता मंदिर में चढ़ने वाले चढ़ावों की काउंटिंग रोजाना कर उसे बैंक में जमा करने को कहा है। डीसी के आदेश के बाद शुक्रवार को चढ़ावे की काउंटिंग कर उसे बैंक में जमा करा दिया गया।