नारनौल। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के आह्वान पर 26 अक्तूबर को रोहतक के नांदल भवन, बोहर में प्रदेश स्तरीय किसान मजदूर-छात्र-युवा-महिला महापंचायत आयोजित होगी। इस महापंचायत की तैयारियों के लिए निजामपुर जनपद के गांव तोताहेड़ी में एक बैठक की गई।
बैठक में संगठन के जिला सचिव डॉ. व्रतपाल सिंह और छाजूराम रावत ने लोगों से महापंचायत में शामिल होने की अपील की। महापंचायत में भारत-अमेरिका कृषि व्यापार समझौते से पीछे हटने, सभी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी, किसानों-मजदूरों के कर्ज समाप्त करने और किसान-विरोधी बिजली व बीज बिल वापस लेने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। किसानों ने बिजली की आपूर्ति आठ घंटे से बढ़ाकर बारह घंटे करने और बाजरा की खरीद एमएसपी पर करने की भी मांग की। छाजूराम रावत ने कहा कि यह महापंचायत केंद्र व राज्य सरकार की जन-विरोधी नीतियों से त्रस्त आम जनता की आवाज उठाएगी।