फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बांदा: हॉटस्पॉट इलाके में कोरोना पॉजिटिव युवक के घर लाखों की चोरी, क्वारंटीन पर था पूरा परिवार

Sat, 16 May 2020 03:37 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बांदा
विज्ञापन
हॉटस्पॉट इलाके में लाखों की चोरी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बांदा जिले में हॉटस्पॉट सील इलाके में पुलिस के जबरदस्त पहरे के बीच चोरों ने चुनौती दी है। कोरोना संक्रमित पाए गए मरीज के घर ही हाथ साफ कर दिया। चंद कदम पर चारों तरफ बैठे पुलिस के पहरे के बीच सूने पड़े संक्रमित मरीज के घर ताले तोड़कर लगभग पांच लाख रुपये के जेवर और 84 हजार रुपये चुरा ले गए।
विज्ञापन


पीड़ित का पूरा परिवार मेडिकल कॉलेज में क्वारंटीन पर था। शुक्रवार को लौटने पर चोरी का पता चला। शहर के मर्दननाका क्षेत्र के कलामतपुरा में 29 अप्रैल को यहां के एक युवक की कोरोना संक्रमण रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पूरा इलाका हॉटस्पॉट कर सील कर दिया गया था। युवक के मकान के आसपास सहित चारों तरफ एक किलोमीटर के दायरे में बैरीके डिंग लगाकर पुलिस तैनात कर दी गई थी। अभी रात दिन यहां पर पुलिस तैनात है।

पॉजिटिव युवक के 12 परिजनों को भी मेडिकल कॉलेज व कृषि विद्यालय में 14 दिन के लिए क्वारंटीन पर भेज दिया गया था। घर में ताला पड़ा था। शुक्रवार 15 मई को क्वारंटीन अवधि पूरी होने पर परिवार के सदस्य कृषि विश्वविद्यालय से लौटे तो घर का नजारा देख कर स्तब्ध रह गए। घर के कमरों के ताले और कुंडियां टूटी पड़ी थी। कमरों में रखी लोहे की अलमारी और उनके लॉकर के ताले टूटे तथा खुले पडे़ थे।
विज्ञापन


परिजनों के मुताबिक पॉजिटिव युवक की पत्नी और उसके बडे़ भाई की पत्नी के सोने चांदी के जेवर तथा लगभग 84 हजार रुपये चोर उठा ले गए। सामान बिखरा पड़ा मिला। चोर छत पर चढ़कर घर के अंदर दाखिल हुए और कमरों के ताले तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। घटना की खबर मिलने पर मर्दननाका चौकी इंचार्ज आकाश सचान ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और जानकारी ली। युवक के बडे़ भाई मकसूद की ओर से कोतवाली में चोरी की तहरीर दी गई है।

व्हाट्सएप पर व्यस्त रहते हैं पुलिसकर्मी
हॉटस्पॉट सील इलाके और उसमें भी पॉजिटिव युवक के घर लाखों की चोरी ने यहां रात दिन चल रही पुलिस की ड्यूटी की पोल खोल दी। जरूरतमंद आम आदमी को निकलने में दिन-रात टोकने और पीटने वाले पुलिस कर्मियों को चोरो के दाखिल होने से लेकर कमरों और ताले व कुंडी तोड़ने की भनक नहीं मिली। दरअसल हर प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मी दिन-रात व्हाट्सएप पर व्यस्त रहते हैं। उनकी नजरें और ध्यान मोबाइल की स्क्रीन पर ज्यादा रहता है। चोरों ने उनकी इसी आदत का भरपूर फायदा उठाते हुए उनकी किरकिरी भी करा दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें