नांगल चौधरी। दौखेरा गांव के ग्रामीणों ने गुरुवार को एसडीएम उदय सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने गांव के आसपास चल रहे खनन कार्य को बंद करने और गांव को प्रदूषण मुक्त रखने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि वे पहले भी इस मुद्दे पर धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि खनन माफिया पंचायत से मिलीभगत कर कृषि योग्य भूमि पर अवैध खनन कर रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि खनन से गांव के पर्यावरण, जलस्तर और आसपास के क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मौके पर जांच करवाने और नियमों के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे शांतिपूर्ण धरना देंगे। शिकायत के बाद खनन बंद करवाया गया था लेकिन रात के अंधेरे में यह फिर शुरू हो गया। संवाद