झज्जर। निजी स्कूलों से जुड़े विभिन्न शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं मान्यता संबंधी मुद्दों पर चर्चा के लिए प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की बैठक 26 सितंबर को आरएस माडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रधान सुखबीर सिंह धनखड़ करेंगे।
बैठक में जिले के सभी निजी स्कूल संचालकों एवं प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। इस दौरान एनरोलमेंट प्रक्रिया में जन्म प्रमाण-पत्र को अनिवार्य किए जाने, विद्यालयों की मान्यता के नवीनीकरण समेत अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके अलावा स्कूल संचालकों की समस्याओं और सुझावों पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए सामूहिक रणनीति तैयार की जाएगी।
प्रधान सुखबीर सिंह धनखड़ ने सभी निजी स्कूल संचालकों से बैठक में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि व्यापक भागीदारी से समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाकर उनके समाधान के लिए ठोस प्रयास किए जा सकेंगे।