मेले को भव्य रूप देने के लिए 11 समितियों का गठन किया
नरेंद्रनगर (टिहरी)। तहसील सभागार में स्वास्थ्य एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेला के आयोजन पर चर्चा की गई। मेले के सफल और भव्य रूप देने के लिए 11 समितियों का गठन किया गया। बताया गया कि श्री कुंजापुरी मेला 11 से 19 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा।
श्री कुंजापुरी मेले की बैठक में कैबिनेट मंत्री व मेला समिति के मुख्य संरक्षक उनियाल ने कहा कि 50 वें वर्ष के श्री कुंजापुरी मेले को भव्य बनाने के लिए टीम भावना से कार्य करें। मेले की गोल्डन जुबली पर मेले की अवधि एक दिन और बढ़ाई गई है। खेल प्रतियोगिताओं के लिए सेना का मैदान मांगा गया है। स्वास्थ्य विभाग को नौ दिनों तक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाने को कहा। डीएम नितिका खंडेलवाल ने सभी विभागों और समितियों को आपसी सहयोग के साथ कार्य करने को कहा।
समिति को मेले का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। समिति के सह सचिव व नगर पालिका के ईओ आलम सिंह रावत ने बताया कि पिछले वर्ष चंदे के रूप में मेला समिति को एक करोड़ एक लाख 48 हजार 547 मिले। इसके सापेक्ष मेले में 93 लाख 74,930 व्यय हुआ। समिति के पास सात लाख 73 हजार 617 रुपए अवशेष हैं।
पूर्व सैनिक नरपल सिंह भंडारी ने बॉक्सिंग प्रतियोगिता कराने और ऋतुराज सिंह नेगी ने मेले में स्थानीय कलाकारों को जगह देने की मांग की। नगर पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने मेला सकुशल संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने बताया कि मेला 11 से 19 अक्तूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। महेश गुसाईं ने बैठक का संचालन किया।
इस मौके पर ऋषिकेश नगर निगम मेयर शंभू पासवान, तपोवन नगर पंचायत अध्यक्ष विनीता बिष्ट, गजा नगर पंचायत अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, ब्लाॅक प्रमुख दीक्षा राणा आदि मौजूद थे।