-फोटो 87 : रेलवे रोड पर स्थित किरयाणा स्टोर। संवाद
बहादुरगढ़। महंगाई की मार झेल रहे उपभोक्ताओं पर अब रोजमर्रा के सामान की बढ़ती कीमतों के साथ पैकेट का वजन कम होने की दोहरी चोट पड़ रही है। शहर के बाजारों में टूथपेस्ट, हेयर ऑयल, कॉस्मेटिक्स, नमकीन, मसाले, साबुन और अन्य एफएमसीजी उत्पादों के दाम बढ़ने के साथ कई कंपनियों ने पैकेट की मात्रा भी कम कर दी है। इससे ग्राहकों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है, वहीं दुकानदारों को भी उपभोक्ताओं के सवालों का सामना करना पड़ रहा है।
शहर में झज्जर मोड़ के दुकानदार सुभाष अरोड़ा, रेलवे रोड स्थित विश्वकर्मा चौक के दुकानदार शंकर बंसल और अनाज मंडी के दुकानदार कृष्णा ने बताया कि पिछले कुछ सप्ताह में कई कंपनियों ने अपने उत्पादों के दाम दो से 20 रुपये तक बढ़ा दिए हैं। इसके अलावा कई उत्पादों में पांच से 20 प्रतिशत तक मात्रा कम कर दी गई है। पहले जहां 100 ग्राम और 200 ग्राम के पैक उपलब्ध होते थे, अब उनकी जगह 90, 180 और 190 ग्राम के पैक बाजार में मिल रहे हैं। कई तेल, कॉस्मेटिक और खाद्य उत्पादों की पैकिंग भी छोटी कर दी गई है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि कंपनियां सीधे कीमत बढ़ाने की बजाय पैकेट का वजन कम कर रही हैं, जिससे पहली नजर में कीमतों में ज्यादा अंतर नजर नहीं आता, लेकिन वास्तव में ग्राहकों को कम मात्रा में सामान मिल रहा है।