एचआरपीजी कॉलेज खलीलाबाद में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजना के तहत शनिवार को खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा समाजवादी नमक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अधिक संख्या में लोगों को नमक का वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य सेतु निगम के चेयरमैन व विधायक लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद रहे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने गरीब और कुपोषण से ग्रसित परिवारों के लिए रियायती दर पर समाजवादी नमक योजना की शुरूआत की है। इस नमक में आयरन एवं आयोडिन मिला हुआ है। इससे लोगों में कुपोषण को दूर करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस योजना की शुरूआत पहले चरण में प्रदेश के 10 जनपदों में हो रही है। इसमें संतकबीरनगर जनपद भी शामिल है। इस योजना में प्रदेश सरकार का 150 करोड़ रुपये खर्च हुआ है। प्रदेश में जब से सपा की सरकार आई है हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ सरकार ने किया है। हर घर में सपा की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। प्रदेश में कोई भी गरीब नहीं रहेगा इसके लिए भी कई योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीब तबके के लोगों को समाजवादी पेंशन देकर जहां उनकी जरूरतों की पूरा करने का काम किया वही अब शादी अनुदान के रूप में बीस हजार रुपये देकर नव विवाहित दंपति को सौगात दी है। विधायक अलगू प्रसाद चौहान ने कहा कि प्रदेश की समाजवादी सरकार द्वारा जो कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है, उनका लाभ पात्रों को मिले, इसके लिए हम सभी को मिलकर कार्य करने की जरूरत है। सपा प्रत्याशी सुबोध यादव ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर वर्ग के लोगों को मिल रहा है। आने वाले चुनाव में सपा फिर से प्रदेश में बहुमत से सरकार बनाएगी। कार्यक्रम को सपा जिलाध्यक्ष रामनारायण यादव, महासचिव जावेद खान, जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप सिंह आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम की रूप रेखा जिला आपूर्ति अधिकारी रमेंद्र यादव ने रखी तथा संचालन अमित भारती ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख शिवनाथ यादव, श्रीराम यादव, रामनिवास यादव, बालेेंदु, मोहम्मद अहमद, दीनानाथ चौधरी, आमिका मिश्रा, रामभरोसे वारसी, पीडी अनिल पांडेय, डिप्टी कमिश्नर फूड राजन गोयल समेत भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।