नगर निगम के टाउन हाल में कड़ी सुरक्षा में सोमवार को जिले के शराब ठेकों को लाटरी के जरिए छोड़ा गया है। अंग्रेजी के 39 ठेके तो छोड़ दिए गए, लेकिन देसी ठेकों की लाटरी निकालने की प्रक्रिया देर रात तक जारी रही। इन दुकानों से 321 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है। जिले में रायवाला के ठेके से सर्वाधिक राजस्व प्राप्त होता है।
जिलाधिकारी रविनाथ रमन एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. सदानंद दाते और जिला आबकारी अधिकारी पवन सिंह की मौजूदगी में सोमवार सुबह लाटरी के जरिए ठेके छोड़ने की प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह से बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात था।
मंगलवार को आएगा रिजल्ट
ठेकेदार और कई पुराने सिंडीकेट ने साथियों के जरिए अपनी किस्मत आजमाई है। किसके हाथ क्या लगा, इसकी तस्वीर मंगलवार तक साफ हो जाएगी। ठेकों के लिए 16,585 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें 5,240 महिलाएं और 11,345 पुरुष शामिल हैं।
विदेशी शराब के लिए 12,153 तथा देशी शराब की दुकानों के लिए 4,280 आवेदन प्राप्त हुए। बीयर की दो दुकानों के लिए 152 आवेदन आए। डीएम ने बताया कि देर रात तक 39 अंग्रेजी शराब की दुकानों की लाटरी निकाली जा चुकी, जबकि देसी और बीयर की दुकानों का लाटरी के माध्यम से फैसला करने की प्रक्रिया जारी है। इस दौरान एडीएम प्रशासन प्रताप शाह, एसपी देहात टीडी बेला आदि मौजूद रहे।