पूर्व माध्यमिक विद्यालय हसनपुर खेवली में कक्षा आठ की टॉपर छात्रा अंजलि यादव को गुरुवार को साइकिल देकर सम्मान किया गया। साइकिल मिलते ही उसका चेहरा खिल उठा।
विद्यालय में आयोजित विद्यार्थी सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख सरोजनी नगर निशा यादव और एसडीएम सरोजनीनगर प्रेम रंजन सिंह ने मेधावियों को सम्मानित किया।
एसडीएम प्रेम रंजन सिंह ने छात्रा अंजलि से भविष्य का सपना पूछा तो उसने डॉक्टर बनने की इच्छा जाहिर की। एसडीएम ने कहा कि वह भी एक प्राथमिक विद्यालय से ही पढ़े हैं।
अंजलि को साइकिल मिलते ही उसके मजदूर पिता कैलाश यादव की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से हमारी बिटिया आगे की पढ़ाई के लिए गांव से बाहर दूसरे स्कूल तक आसानी से जा सकेगी।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी अनिल द्विवेदी व पार्षद प्रतिनिधि इब्राहिमपुर वार्ड अनार सिंह उर्फ अन्नू यादव ने विद्यालय के विकास के लिए 5100-5100 रुपये की आर्थिक मदद की। वहीं, कार्यक्रम आयोजक दिनेश पाल ने विद्यालय में फर्नीचर देने की बात कही।