झज्जर। जिले के गांव कुलाना निवासी कनिष्क चौहान और गांव भदानी निवासी सात्विक देशवाल आईपीएल 2025 में चैंपियन बनी आरसीबी टीम का हिस्सा रहे। खिताब जीतने के बाद दोनों खिलाड़ी अब आगामी क्रिकेट प्रतियोगिताओं की तैयारियों में जुट गए हैं।
कनिष्क चौहान इससे पहले अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम का भी हिस्सा रह चुके हैं। वह हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन की प्रतियोगिताओं में सिरसा की ओर से खेलते हैं। वहीं सात्विक देशवाल पुदुचेरी से क्रिकेट खेलते हैं और आईपीएल से पहले आरसीबी के नेट बॉलर भी रह चुके हैं। दोनों खिलाड़ियों को आरसीबी ने उनके बेस प्राइस 30-30 लाख रुपये में टीम से जोड़ा था।
कनिष्क चौहान ने कहा कि विराट कोहली की टीम के साथ आईपीएल चैंपियन बनना उनका सपना था, जो पूरा हो गया। अब उनका लक्ष्य भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाकर देश के लिए खेलना है। आईपीएल के बाद दोनों खिलाड़ियों की सोशल मीडिया पर लोकप्रियता भी बढ़ी है।
हालांकि दोनों को प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला, लेकिन अभ्यास सत्रों और टीम के साथ रहते हुए उन्हें काफी सीखने का अवसर मिला। आईपीएल के दौरान उन्होंने विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल समेत कई वरिष्ठ खिलाड़ियों से खेल संबंधी महत्वपूर्ण टिप्स भी प्राप्त किए।
08jjrp25- कनिष्क चौहान।