संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। पूर्व विधायक और जेजेपी एससी सेल के प्रदेश अध्यक्ष रमेश खटक ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु कबीरदास के विचार और उपदेश आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने हमेशा समाज में समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया।
खटक रविवार को जजपा कार्यालय में रोहतक में 12 जुलाई को आयोजित होने वाली संत शिरोमणि गुरु कबीरदास जयंती समारोह को लेकर आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इसके अलावा बहराणा सहित अन्य गांवों का दौरा कर कार्यक्रम के लिए निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य गुरु कबीरदास के दिखाए मार्ग पर चलकर समाज को एक सूत्र में पिरोना है।
पूर्व विधायक ने स्थानीय कमेटियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपते हुए अपील की कि वे घर-घर जाकर लोगों को इस पावन पर्व का निमंत्रण दें। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि वे जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठकर इस धार्मिक और सामाजिक आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं।
उन्होंने बीसी सेल के प्रधान महासचिव बलवान पांचाल के छोटे भाई व पूर्व विधायक दरियाव सिंह राजोरा के पौत्र के निधन पर शोक व्यक्त किया। इस अवसर पर एससी सेल जिला अध्यक्ष नसीब भारतीय, उपेंद्र कादियान, अजय गुलिया, डॉ. विकास पाराशर, मिंटू ठेकेदार, मनोज पांचाल, भूपेंद्र गहलावत, प्रवेश निमाना मौजूद रहे।