रियासत में पिछले कई दिनों से बारिश और बर्फबारी से आफत कम होने का नाम ले रही। बटोत के पास 50-60 फुट हिस्से में सड़क के बैठ जाने से जम्मू-श्रीनगर हाईवे चार दिनों तक बंद रहा।
सोमवार को बीआरओ ने जम्मू श्रीनगर को पांचवे दिन खोल दिया। फिलहाल जम्मू-श्रीनगर हाईवे को एकतरफा आवाजाही के लिए खोला गया है। प्रशासन पहले हलके वाहनों को रवाना कर रहा है।
भूस्खलन प्रभावित बटोत इलाके में दर्जनभर मकानों को नुकसान पहुंचा है। एसएसपी हाईवे संजय कोतवाल के अनुसार बटोत, रामबन और बनिहाल के बीच रुक रुक कर हो रही बारिश से हाईवे को पूरी तरह से बहाल नहीं किया जा सका है।
अभी भी बड़ी संख्या में ट्रक और यात्री वाहन रास्ते में फंसे हुए हैं। बारिश और बर्फबारी से राज्य के सभी स्थानों पर दिन के पारे में 5 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कई दिन तक मौसम के साफ रहने की संभावना है।