16jjrp02- डेंगू के प्रति जागरूकता को लेकर शहर में रैली निकालते बच्चे। स्रोत : स्वास्थ्य विभाग
झज्जर। राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को डेंगू के खिलाफ जागरूक करना और बचाव संबंधी जानकारी देना रहा।
कार्यक्रम में उप सिविल सर्जन डॉ. कुलदीप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ एचआई अशोक, एमपीएचडब्ल्यू धीरज गोयल, कृष्ण कुमार उपस्थित रहे। डॉ. कुलदीप ने कहा कि डेंगू एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से बचाव योग्य बीमारी है। यदि हम अपने घरों एवं आसपास पानी जमा नहीं होने दें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें तो डेंगू के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक करें।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जिले में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। लोगों को समय-समय पर आवश्यक जानकारी दी जा रही है। डॉ. कुलदीप ने कहा कि बुखार, शरीर दर्द, आंखों के पीछे दर्द या प्लेटलेट्स कम होने जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवानी चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।
इस अवसर पर ड्राइंग प्रतियोगिता एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। ड्राइंग प्रतियोगिता में विपिन पुत्र अशोक, इशान पुत्र संजीव, तनिष पुत्र सतिश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विजेता बच्चों को सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि वे डेंगू से बचाव हेतु अपने आसपास साफ-सफाई रखें और किसी भी प्रकार के बुखार के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।