झांसी। शुक्रवार को सीपरी बाजार सब स्टेशन की 33 केवीए लाइन का फाल्ट ढूंढने में कर्मचारियों को दिन से रात हो गई। इस कारण संबंधित क्षेत्र के लोगों को दस घंटे तक बिजली आने का इंतजार करना पड़ा।
हंसारी ट्रांसमिशन पावर हाउस से सीपरी बाजार सब स्टेशन आने वाली 33 केवीए लाइन में शुक्रवार को दोपहर ग्यारह बजे फाल्ट आ गया। कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग शुरू की, मगर शाम तक लाइन में फाल्ट नहीं मिल सका। बाद में 33 केवीए लाइन से टेपिंग कर जुड़ी रक्सा फीडर की लाइन को काट दिया गया। इसके बाद भी लाइन में करंट नहीं दौड़ सका। मगर, इस बीच सूचना मिली कि करंट दौड़ाते समय खोड़न के पास एक खंभे में चिंगारी निकली थी।
जाकर देखा गया तो खंभे पर लगा इंसुलेटर बर्स्ट पाया गया। मरम्मत कार्य शुरू हुआ, जो रात पौने नौ बजे पूरा हो सका। इसके बाद ही सप्लाई को चालू किया जा सका। दस घंटे तक बिजली न आने के कारण संबंधित क्षेत्र लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों के इनवर्टर तक डिस्चार्ज हो गए। बिजली से जुड़े कारोबार भी प्रभावित हुए।
इन क्षेत्रों की गुल रही लाइट
सीपरी बाजार सब स्टेशन से जुड़े मसीहांज, मैला की टौरिया, छोटी माता मंदिर, कलारी, हाता प्यारे लाल, नाल गंज, रायगंज, प्रेमगंज, न्यू रायगंज, जर्मनी अस्पताल, साहनी कॉलोनी, आजाद गंज, सिगनलपुरा, टंडन रोड, ग्वालटोली, चित्रा चौराहा, आफीसर्स कॉलोनी, गोंदू कंपाउंड, पोस्ट ऑफिस, लहरगिर्द, खालसा कॉलेज आदि क्षेत्रों की बिजली गुल रहीं।