गुड़िया दुराचार एवं हत्या केस के एक आरोपी सूरज की लॉकअप में हत्या मामले में आईजी जहूर एच जैदी समेत आठ पुलिसवालों की न्यायिक हिरासत बुधवार को पूरी हो रही है। इन्हें कंडा जेल से ही वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट में पेश किया जा सकता है। सीबीआई ये मानकर चल रही है कि इन आरोपियों को दोबारा न्यायिक हिरासत पर भेजा जा सकता है।
दो सप्ताह पहले कोर्ट ने आईजी जहूर एच जैदी, कोटखाई के पूर्व डीएसपी मनोज जोशी, पूर्व एसएचओ राजेंद्र सिंह समेत आठ पुलिसवालों को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत पर भेजा था। इनकी न्यायिक हिरासत का समय 20 सितंबर को ही पूरा हो रहा है। जैदी आईजीएमसी शिमला में दाखिल हैं। बाकी सभी आरोपी कंडा जेल में हैं।
माना जा रहा है कि इन सभी आरोपियों को कंडा जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश किया जा सकता है। आईजी जैदी को कंडा जेल ले जाएंगे या अन्य तरह से कोर्ट के समक्ष पेश किया जाना है। बुधवार को इस पर स्थिति साफ नहीं थी। जैदी समेत आठों पुलिसवालों पर लॉकअप में सूरज हत्याकांड को अंजाम देने के आरोप हैं।
कल हाईकोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट देगी सीबीआई
सीबीआई गुड़िया मामले में की गई छानबीन की स्टेटस रिपोर्ट 21 सितंबर को हिमाचल हाईकोर्ट में पेश करेगी। सीबीआई ने ब्रेन मैपिंग और अन्य तरह की जांच के लिए कोर्ट से समय मांगा था। इसके लिए अदालत ने सीबीआई को दो सप्ताह का वक्त दिया था। यह समय 21 सितंबर को पूरा हो रहा है।