झज्जर। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के निर्देशन में पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में सेमिनार आयोजित किया गया, जिसमें पेट्रोल पंप और निजी स्कूल संचालकों ने भाग लिया।
डॉ. राजश्री सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में थ्रेट एवं एक्सटॉर्शन कॉल के मामले बढ़ रहे हैं, जिनसे सतर्क रहना जरूरी है। कार्यक्रम का उद्देश्य इन कॉल्स के प्रति जागरूकता फैलाना और बचाव के उपाय बताना था।
उन्होंने कहा कि इंटरनेट आधारित फर्जी कॉल, वीओआईपी और इंटरनेशनल नंबरों के जरिए धोखाधड़ी बढ़ रही है, जहां अपराधी लोगों को डराकर पैसे ऐंठते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करने की सलाह दी गई।
साथ ही अनजान कॉल पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने, संदिग्ध कॉल को नजरअंदाज करने और जरूरत पड़ने पर कॉल रिकॉर्ड करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने ‘अभेद्य एप’ के बारे में बताया कि यह हरियाणा पुलिस द्वारा विकसित आधुनिक मोबाइल सुरक्षा एप्लीकेशन है, जो नागरिकों को साइबर अपराध और धोखाधड़ी से बचाने में सहायक है। इस एप के माध्यम से संदिग्ध कॉल और मैसेज की पहचान कर उन्हें स्वतः ब्लॉक किया जाता है तथा जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचती है, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव होती है।