लोहता के टड़िया गांव में शराब पीकर वरुणा नदी में नाव पर चार युवकों से हाथापाई कर रहे अनिल पटेल की पत्नी सुनीता ने शुक्रवार को 112 नंबर पर दंगा की सूचना दे दी। लोहता, रोहनिया और मंडुवाडीह थाने की फोर्स मौके पर पहुंची तो सूचना झूठी निकली। पुलिस ने दंपती को फटकार लगाते हुए कार्रवाई की बात कही है।
एक नाव में शराब पीकर अनिल पटेल बैठा था। उसी नाव पर चार अन्य युवक भी बैठे थे। युवकों के बीच कुछ कहासुनी हो रही थी तो अनिल उनके बीच में कूद पड़ा। इसे लेकर अनिल और युवकों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई।
पति के साथ हाथापाई होते देख सुनीता ने 112 नंबर पर फोन कर दंगे की सूचना दे दी। लोहता थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि दोनों को चेतावनी दी गई है। झूठी सूचना देकर पुलिस को परेशान किया गया है, इसलिए कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
मलदहिया में होटल के पांचवें तल के कमरे में आग लगी, 12 शीशे तोड़ने पड़े
आग लगने की सूचना पर पहुंचा दमकल दस्ता।
- फोटो : अमर उजाला
मलदहिया के होटल हिंदुस्तान इंटरनेशनल के पांचवें तल के कमरा नंबर 512 में शुक्रवार शाम आग लग गई। सूचना पाकर तीन गाड़ी और हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म के साथ पहुंची दमकल कर्मियों की टीम ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है। आग के कारण होटल में भूतल से लेकर ऊपर तक बुरी तरह से धुआं भर गया था। इससे होटल के स्टाफ, वहां ठहरे हुए लोगों और दमकल कर्मियों को काफी दिक्कत हुई।
सात मंजिला होटल हिंदुस्तान इंटरनेशनल के पांचवें तल में तीन कमरे बुक थे, जबकि अन्य खाली थे। खाली कमरों में से एक 512 नंबर में आग लगने की सूचना शाम 6.08 बजे दमकल विभाग को दी गई। होटल स्टाफ ने तल के तीन कमरों में मौजूद लोगों को बाहर निकालते हुए अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाना शुरू किया।
चेतगंज फायर स्टेशन से दमकल के वाहनों के साथ ऑफिसर इंद्रजीत वर्मा के नेतृत्व में फायरमैन राहुल मिश्रा, राकेश यादव और चालक प्रबल कुमार की टीम होटल के लिए निकली। होटल की छत पर मौजूद लोगों को दमकल कर्मियों की मदद से बाहर निकलवाया और 7.40 बजे तक आग पर काबू पा लिया।
राहत और बचाव के काम के दौरान राकेश यादव चोटिल हो गए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आनंद सिंह राजपूत ने बताया कि होटल में आग से सुरक्षा के लिए लगे सभी उपकरण काम कर रहे थे। उनसे हमारी टीम को मदद मिली।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि होटल में नीचे से लेकर ऊपर तक धुआं इतना ज्यादा भर गया था कि उसे निकालने के लिए हमें 12 शीशे तोड़ने पड़े। धुआं निकालने के लिए दो स्मोक एग्जॉस्टर लगाए। होटल में ठहरे हुए लोग और स्टाफ पूरी तरह से सुरक्षित हैं।
शराब में धुत पति का झगड़ा हुआ तो पत्नी ने दी दंगे की सूचना
लोहता के टड़िया गांव में शराब पीकर वरुणा नदी में नाव पर चार युवकों से हाथापाई कर रहे अनिल पटेल की पत्नी सुनीता ने शुक्रवार को 112 नंबर पर दंगा की सूचना दे दी। लोहता, रोहनिया और मंडुवाडीह थाने की फोर्स मौके पर पहुंची तो सूचना झूठी निकली। पुलिस ने दंपती को फटकार लगाते हुए कार्रवाई की बात कही है।
एक नाव में शराब पीकर अनिल पटेल बैठा था। उसी नाव पर चार अन्य युवक भी बैठे थे। युवकों के बीच कुछ कहासुनी हो रही थी तो अनिल उनके बीच में कूद पड़ा। इसे लेकर अनिल और युवकों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते हाथापाई शुरू हो गई।
पति के साथ हाथापाई होते देख सुनीता ने 112 नंबर पर फोन कर दंगे की सूचना दे दी। लोहता थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि दोनों को चेतावनी दी गई है। झूठी सूचना देकर पुलिस को परेशान किया गया है, इसलिए कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
डीएम ने वंचितों के दिव्यांग प्रमाणपत्र, श्रम कार्ड बनवाने के निर्देश दिए
महिला की समस्या सुनते जिलाधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
डीएम एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकासखंड काशी विद्यापीठ के सांसद आदर्श ग्राम कुरहुआ में चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को सुनकर निराकरण किया। दिव्यांगों प्रमाणपत्र से वंचित लोगों के लिए स्वास्थ्य विभाग और श्रम कार्ड से वंचित के लिए श्रम विभाग को निर्देशित किया।
परियोजना निदेशक ने डीएम को बताया कि कुछ दिनों पहले कैंप लगाकर सर्वे कराया गया था, इसमें पाया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना से 20 लाभार्थियों को सीएसआर फंड से लाभान्वित किया जाना है। इसके अलावा व्यक्तिगत शौचालय में 13, पीएम किसान सम्मान निधि में 11, आयुष्मान कार्ड में 10, वृद्धा पेंशन में 25, दिव्यांग पेंशन में 5, निराश्रित महिला अनुदान में 2, बाल सेवा स्पाॅन्सरशिप में 6, कन्या सुमंगला योजना में 10, राशन कार्ड में चार सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र एवं वंचित लाभार्थियों को लाभ दिया जाना है।
सीडीओ हिमांशु नागपाल ने बताया कि ओएनजीसी के सीएसआर फंड से 4.31 करोड़ की लागत से गांव में मुख्य सड़क के दोनों तरफ फुटपाथ, गली और अमृत सरोवर निर्माण, सोलर लाइट, साइनेज लगाने, खेल मैदान के रेनोवेशन सहित अन्य विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। इसे जल्द शुरु करा दिया जाएगा। अंत में अफसरों ने पौधरोपण किया।
घर पर झगड़ा होने के बाद युवती कूदी राजघाट पुल से
आदमपुर थाना क्षेत्र के राजघाट पुल से शनिवार शाम एक युवती गंगा में कूद गई। पुल के नीचे मौजूद मल्लाहों की नजर जब युवती पर पड़ी तो वह पानी में गोता लगा कर युवती को बचा घाट किनारे लाए। सूचना पाकर युवती के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
हनुमान फाटक क्षेत्र में रहने वाली अमिना पुत्री मो. हलीम दोपहर में घर पर झगड़ा होने के बाद गुस्से में घर से निकल गई। परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थें कि उन्हें सूचना मिली कि राजघाट पुल से एक युवती कूद गई है। परिजन मौके पर पहुंचे तो नमो घाट के किनारे पड़ी अमिना को इलाज के लिए मंडलीय अस्पताल ले गए। चिकित्सकों के मुताबिक युवती की हालत खतरे से बाहर है।
झोले में ब्लेड मारकर ढाई लाख किया पार, भाग रहीं तीन महिलाएं पकड़ी गईं
रामनगर किला के पास उप डाकघर में शनिवार दोपहर एक बुजुर्ग के झोले में ब्लेड मारकर तीन महिलाओं ने ढाई लाख रुपये निकाल लिए। बुजुर्ग और स्थानीय लोगों की तत्परता से तीनों पकड़ी गईं। तीनों के पास से पैसा बरामद कर लोगों ने उन्हें रामनगर थाने की पुलिस को सौंप दिया।
रामनगर थाना क्षेत्र के मच्छरहट्टा मोहल्ला निवासी प्रमोद पांडेय एक झोले में तीन लाख रुपये लेकर उप डाकघर में जमा करने गए थे। ढाई लाख की एक गड्डी और पचास हजार की दूसरी गड्डी झोले में अलग-अलग रखी थी।
वह जब पैसा जमा करने की पर्ची भर रहे थे तभी डाकखाने में मौजूद एक महिला ने क्लर्क से एक पर्ची मांगी। प्रमोद पर्ची भरने लगे, इसी दौरान महिला ने झोले में ब्लेड मारकर ढाई लाख वाली गड्डी निकाल ली। प्रमोद ने देखा तो गड्डी गायब थी।
डाकखाने के बाहर निकल कर देखा तो अंदर वाली महिला ऑटो में बैठ रही थी। उन्होंने लपक कर महिला को पकड़ लिया और शोर मचाने लगे। आसपास के दुकानदार समेत अन्य लोग भी ऑटो की ओर दौड़ पड़े। लोगों ने ऑटो में बैठी तीनों महिलाओं को पकड़ लिया। पहले तो महिलाओं ने रुपये लेने से इंकार किया, लेकिन जब लोगों ने सख्ती दिखाई तो एक महिला ने रुपये की गड्डी वापस कर दी। रुपये मिलते ही प्रमोद ने उसे डाकखाने में जमा कर दिया।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि तीनों महिलाएं मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की रहने वाली हैं। रामनगर थानाध्यक्ष ने कहा कि बुजुर्ग से तहरीर लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
चोरी के 2 ई-रिक्शा बेचने निकले चार युवक गिरफ्तार
वाराणसी। चोरी के दो ई-रिक्शा बेचने निकले चार युवक मंडुवाडीह थाने की चेकिंग में पकड़े गए। बीएएलडब्ल्यू अंडरपास के पास पकड़े गए आरोपियों के पास दो मोबाइल और एक लैपटॉप बरामद किया गया।
मंडुवाडीह थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय ने बताया कि आरोपियों की पहचान मिर्जामुराद थाना के बाबूसराय मार्केट, गुड़िया गांव के मूल निवासी व महमूरगंज में रहने वाले रोहित कुमार बिंद और शिवपुरवा के सूरज कुमार प्रजापति, आकाश कुमार बिंद और दीपक कुमार बिंद के रूप में हुई है।
ट्रेन से कटकर शख्स की मौत
लोहता थाना क्षेत्र के बखरिया और गोपालपुर गांव के बीच रेलवे ट्रैक पर शनिवार शाम ट्रेन से कटकर एक शख्स की मौत हो गई। पुलिस ने क्षत विक्षत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि अधेड़ की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के गांव में सूचना दी गई है।
ज्ञानवापी के संबंध में दाखिल याचिका पर सुनवाई 31 जुलाई को
बजरडीहा के विवेक सोनी और चितईपुर के जयध्वज श्रीवास्तव की ओर से सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में दाखिल याचिका पर शनिवार को सुनवाई हुई। याचिकाकर्ता के अधिवक्ताओं ने लगभग दो घंटे तक बहस कर अपना पक्ष रखा। मामले में सुनवाई की अगली तिथि 31 जुलाई नियत की गई है।
याचिका के माध्यम से मांग की गई है कि स्थायी निषेधाज्ञा जारी की जाए। विपक्षीगण को मना किया जाए कि ज्ञानवापी स्थित नंदीजी कर मूर्ति के सामने कूप बनाकर ढंके गए आदि विश्वेश्वर के ज्योतिर्लिंग की पूजा, भोग और शृंगार में व्यवधान न पैदा किया जाए।
एडमिट कार्ड लेने गए छात्र की पिटाई मामले में 12 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं
एडमिट कार्ड लेने कॉलेज जा रहे श्रीराम कॉलेज पीजी कॉलेज के छात्र अंकित जायसवाल की पिटाई के मामले में आरोपियों पर सारनाथ पुलिस ने 12 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं की।
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के हुकुलगंज निवासी अंकित जायसवाल आठ जुलाई को एडमिट कार्ड लेने जा रहा था, इस बीच पंचक्रोशी के पास आरोपी अंकित मिश्रा, सत्यम, सन्नी और राजवीर समेत अज्ञात ने पिटाई कर दी। सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपियों पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
बाइक सवार मामा-भांजा पर हमला, जान बचाने को चिल्लाते रहे
मैदागिन में कालभैरव त्रिमुहानी पर शुक्रवार रात हमलावरों ने बाइक सवार मामा-भांजा पर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों जान बचाने के लिए चिल्लाते रहे। पुलिस कर्मियों के पहुंचने पर दोनों की जान बची।
पीड़ित मामा-भांजे की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने 50 अज्ञात युवकों के खिलाफ स्नेचिंग, हमला समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों के जरिये आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। सूचना मिलते ही शनिवार सुबह विशेश्वरंज के व्यापारी भी थाने पहुंच गए।
आदमपुर थाना क्षेत्र के प्रहलाद घाट निवासी मंजीत गुप्ता के अनुसार, वह बाइक से मामा श्याम मुरारी को उनके घर खोजवां छोड़ने जा रहे थे। रात लगभग साढ़े 12 बजे कालभैरव मंदिर त्रिमुहानी के पास 50 युवकों ने उन्हें घेर लिया और धक्का मुक्की करने लगे।
जुलूस में निकले युवकों ने गालीगलौज करते हुए पिटाई शुरू कर दी। जंजीर अन्य हथियारों से हमला किया। मामा श्याम मुरारी के जेब से मोबाइल छीन लिया। पुलिसकर्मियों के पहुंचने पर जान बची। विशेश्वरगंज-भैरोनाथ व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता समेत अन्य व्यापारियों ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि चेतगंज के पितरकुंडा और चौहट्टा के आरोपियों की पहचान की गई है।
सावन में करें निर्बाध बिजली आपूर्ति
उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने सावन महीने के दौरान कांवड़ियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने, बिजली की निर्बाध आपूर्ति देने सहित अन्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा है।
सर्किट हाउस में प्रशासन, पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में राज्यमंत्री ने कहा कि कावड़ियों के साथ ड्यूटी पर लगे पुलिसकर्मी सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करें। नगर आयुक्त को शहर के प्रमुख शिवालयों के आसपास सहित पूरे शहर में पूरे श्रावण मास के दौरान विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा।
पुलिस आयुक्त ने पुलिस लाइन में पौधरोपण किया
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को एक पौधा मां के नाम अभियान के तहत पुलिस लाइन में पौधरोपण किया। पुलिस आयुक्त ने कहा, महकमे से संबंधित सभी कार्यालय परिसर, थाना परिसर और पुलिस लाइन में वृहद पैमाने पर पौधरोपण किया गया है। आमजन से अपील है कि बारिश के सीजन में ज्यादा से पौधे लगाएं।
घटने लगा गंगा का जलस्तर, मिली राहत
लगातार 24 घंटे स्थिर रहने के बाद गंगा का जलस्तर अब नीचे उतरने लगा है। केंद्रीय जल आयोग की बाढ़ बुलेटिन के अनुसार जलस्तर में एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से घटाव दर्ज किया गया है। शनिवार को रात आठ बजे गंगा का जलस्तर 62.71 मीटर दर्ज किया गया।
केंद्रीय जल आयोग की मध्य गंगा डिवीजन द्वारा जारी बाढ़ बुलेटिन के अनुसार शनिवार को सुबह आठ बजे तक गंगा का जलस्तर 62.83 मीटर रहा जो कि शुक्रवार को रात आठ बजे की अपेक्षा पांच सेंटीमीटर कम रहा। वहीं, शनिवार को रात आठ बजे जलस्तर 62.71 मीटर दर्ज किया गया। फिलहाल गंगा के जलस्तर में बढ़ाव के आसार नहीं हैं।