फोटो 28जेएनडी21-आईटीआई में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए स्टाफ। स्रोत क
- फोटो : samvad
जींद। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में विद्यार्थियों के करियर मार्गदर्शन और अंगदान के प्रति जागरूकता के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के पहले सत्र में करियर काउंसिलिंग और दूसरे सत्र में अंगदान का संकल्प लेने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इसकी अध्यक्षता प्रधानाचार्य प्रवेश कुमार ने की।
उन्होंने कहा कि आईटीआई में तकनीकी प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने में मदद करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अप्रेंटिसशिप, कैंपस प्लेसमेंट और सरकारी नौकरी के साथ-साथ स्वरोजगार के विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर अनुशासन और समय की पाबंदी को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
अनुदेशक सुरेंद्र रेढू और पूनम ने कहा कि सफलता के लिए केवल मेहनत ही नहीं, बल्कि सही दिशा में स्मार्ट वर्क करना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर लगातार प्रयास करने का आह्वान किया। दूसरे सत्र में अंगदान का संकल्प लेने वाले विद्यार्थियों को संस्थान की ओर से प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। अंगदान का संकल्प समाज के लिए प्रेरणादायक है और इसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों की मदद की जा सकती है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ वर्ग अनुदेशक मंगल गिल, सुरेंद्र खटकड़, सोहनू राम, एनसीसी अधिकारी नसीब खटकड़, ललित खटकड़, मंदीप राज, प्रवीण कुमार और विजय मौजूद रहे।