झज्जर। झज्जर और हिसार के बीच खेले गए अंडर-19 अंतर जिला प्रतियोगिता के क्रिकेट मैच में हिसार की टीम ने तीन विकेट से जीत दर्ज की। झज्जर के खिलाड़ी राहुल सोरेन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट लिए।
बहादुरगढ़ के सेक्टर-9ए स्थित झज्जर क्रिकेट ग्राउंड में झज्जर और हिसार की टीम के बीच अंडर-19 अंतर जिला प्रतियोगिता हुई । झज्जर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए झज्जर की टीम 43.4 ओवरों में 203 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस दौरान बल्लेबाजी में अभी ने 88 गेंदों में पांच चौकों व एक छक्के की मदद से 49 रन बनाए। इसके अलावा कप्तान गौरिश दहिया ने 17 गेंदों में 37 रन और विकेटकीपर बल्लेबाजी हर्षित छत्तर सिंह ने 48 गेंदों में 36 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में जितेंद्र राज कुमार ने तीन विकेट हासिल किए।
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिसार की टीम ने 43.4 ओवरों में सात विकेट पर 204 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली। इस दौरान बल्लेबाजी में सौम्य ने 129 गेंदों में 14 चौकाें और छह छक्काें की मदद से 126 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में राहुल सोरेन ने 9.4 ओवरों में 46 रन देकर पांच विकेट हासिल किए। झज्जर की टीम ने अब तक खेले गए तीन मैचों में से दो मैचों में जीत व एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है।