साल्हावास । क्षेत्र में हरियाली तीज का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। घरों में खीर, पूरी, हलवा और पकौड़े जैसे पारंपरिक पकवान बनाए गए। सुहावने मौसम के चलते महिलाएं, युवतियां और बच्चे सावन के झूलों का आनंद लेते नजर आए। ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ों पर जगह-जगह झूले लगाए गए थे। तीज के श्रृंगार में मेहंदी का विशेष महत्व रहा।
महिलाओं और युवतियों ने एक दिन पहले ही हाथों पर मेहंदी रचानी शुरू कर दी थी। अधिकांश शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश रहा। जिन विद्यालयों में छुट्टी नहीं थी, वहां बच्चों ने स्वतंत्रता दिवस मनाने के साथ मेहंदी रचाओ प्रतियोगिताओं और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लिया। बाजारों में मिठाई की दुकानों पर भीड़ रही। शहर में विभिन्न संगठनों ने सामूहिक आयोजन किए, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं और लड़कियों ने समूह बनाकर अपने पारंपरिक अंदाज में तीज का उत्सव मनाया। संवाद