फोटो-51: मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलते यात्री। संवाद
बहादुरगढ़। दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप)-2 लागू होने के बाद सार्वजनिक परिवहन पर यात्रियों का दबाव बढ़ने लगा है। इसे देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) बुधवार से कार्यदिवसों में 20 अतिरिक्त फेरे शुरू करेगा। पहले से संचालित अतिरिक्त फेरों को मिलाकर अब मेट्रो के कुल 40 अतिरिक्त फेरे होंगे। इससे बहादुरगढ़ से दिल्ली आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
बहादुरगढ़ मेट्रो स्टेशन से रोजाना करीब 45 से 55 हजार यात्री सफर करते हैं। दिल्ली में बीएस-6 से कम श्रेणी के वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी के बाद मेट्रो में यात्रियों की संख्या में 10 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऐसे में अतिरिक्त फेरों से यात्रियों को खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में राहत मिल सकती है।
निजी वाहनों के बजाय मेट्रो अपनाने की अपील
डीएमआरसी के प्रवक्ता अनुज दयाल के अनुसार अतिरिक्त फेरे शुरू करने का उद्देश्य लोगों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम करने और प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलेगी। बहादुरगढ़ से बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोग, विद्यार्थी और कारोबारी रोजाना दिल्ली आते-जाते हैं। मेट्रो के फेरों में बढ़ोतरी से इन यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।