आल इंडिया एंटी टेरेरिस्ट फ्रंट के प्रधान एमएस बिट्टा ने शहीद परिवारों की अनदेखी के लिए राज्य की पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार को कोसा है। शहीदों के परिवार के सदस्य भी देश के लिए अपनी शहादत देने को तैयार हैं, लेकिन उन्हें शिकवा है कि सरकार उन तक नहीं पहुंची है।
आरएस पुरा में शहीद गुरनाम सिंह के घर सांत्वना देने पहुंचे बिट्टा ने कहा कि वह गृह मंत्री से मुलाकात कर पूरे देश में एक समान शहीदों के परिवार वालों के लिए नीति बनाने पर जोर देंगे। उन्होंने जीएमसी में नन्ही बच्ची परी सहित पाक गोलाबारी में घायल हुए अन्य ग्रामीणों का हाल भी जाना।
उन्होंने कहा कि शहीदों के प्रति सरकार का रुख मजबूत नहीं है। देश के अन्य कई हिस्सों में शहीद की शहादत पर परिवार वालों को एक करोड़, पचास लाख और 25 लाख रुपये के साथ नौकरी देने का प्रावधान है, लेकिन सबसे अधिक आतंकवाद को झेल रहे जम्मू-कश्मीर में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है।
उन्होंने कहा कि देश में आतंकवाद के खिलाफ ठोस कार्रवाई होनी चाहिए। विदेशी नकली नोट, हवाला राशि सहित अन्य काले धन पर रोक लगाई जाई। घाटी में गिलानी जैसे लोगों की जांच हो। ऐसे लोग काले धन का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि देश में भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए देशवासी पूरा सहयोग देंगे।