04jjrp07- सांसद दीपेंद्र हुड्डा को ज्ञापन सौंपते लोग। स्रोत-पार्टी
झज्जर। सांसद दीपेंद्र हुड्डा से उनके दिल्ली निवास पर एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर झज्जर को रोहतक डाक प्रभाग से अलग करके नारनौल/महेंद्रगढ़ डाक प्रभाग में स्थानांतरित करने से स्थानीय लोगों को होने वाली व्यावहारिक परेशानियों के बारे में बताया।
इस पर उन्होंने केंद्रीय संचार मंत्री के संज्ञान में पूरा मामला लाया। झज्जर जिले को रोहतक डाक प्रभाग में ही रखते हुए प्रस्ताव को रद्द करने का अनुरोध किया। सांसद झज्जर में आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल हुए। बेरी हलके के गांव भापड़ौदा में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। हुड्डा ने कहा कि झज्जर जिले को नारनौल/महेंद्रगढ़ डाक प्रभाग में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव अव्यावहारिक है।
ऐसा होने से स्थानीय जनता एवं विभागीय कर्मचारियों को कठिनाइयों का सामना करना होगा और लंबी दूरी के कारण निरीक्षण, मॉनिटरिंग, विभागीय कार्य निष्पादन में देरी, अनावश्यक बोझ और जनता की परेशानी बढ़ जाएगी। जिले को लंबे समय से रोहतक डाक प्रभाग के अंतर्गत ही डाक सेवाएं प्राप्त होती रही हैं। रोहतक से झज्जर की दूरी केवल 30-35 किलोमीटर है जबकि नारनौल/महेंद्रगढ़ की दूरी 90-120 किलोमीटर तक है।
इस आधार पर भी झज्जर को रोहतक से अलग करना किसी भी दृष्टिकोण से व्यावहारिक नहीं है। झज्जर और रोहतक के मध्य भौगोलिक निकटता, सड़क संपर्क, प्रशासनिक तालमेल तथा वर्षों से चली आ रही कार्यप्रणाली ने दोनों जिलों को डाक सेवाओं के स्तर पर एक-दूसरे से सुव्यवस्थित रूप से जोड़ रखा है।