प्रेमनगर इलाके में हर्ष फायरिंग के दौरान दूल्हे के चचेरे भाई की मौत सरकारी पिस्टल से हुई थी। पुलिस ने इस मामले में दूल्हे और एसओजी में तैनात सिपाही पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। आईजी संजय गुंज्याल के मुताबिक वीडियो फुटेज से पता चला है कि दूल्हे के हर्ष फायर करने के दौरान एक गोली उसके ही चचेरे भाई को लगी, जिससे उसकी जान चली गई।
शुक्रवार देर रात प्रेमनगर थाना स्थित झाझरा पुलिस चौकी में तैनात कांस्टेबल मोनू सिंह की बारात हल्द्वानी से देहरादून के प्रेमनगर इलाके में आई थी। बारात दुल्हन की दहलीज पर पहुंची ही थी कि एसओजी देहरादून में तैनात दूल्हे के दोस्त अमित कुमार निवासी लक्सर हरिद्वार ने अपनी सर्विस पिस्टल से हवा में दो फायर कर दिए।
इसी बीच दूल्हा भी घोड़ी से उतरा और अमित से पिस्टल लेकर फायरिंग करने लगा तो एक गोली उसके ही चचेरे भाई राजकुमार को लग गई। घायल राजकुमार को फौरन प्रेमनगर सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इधर हर्ष फायरिंग में मौत होने के बाद बारात बैरंग लौट गई।