बहादुरगढ़। शहर के छोटूराम नगर में रविवार की देर रात अवैध पीवीसी गोदाम में अज्ञात कारणों से आग लग गई। हादसे में कबाड़ और झुग्गियां जलकर राख में तब्दील हो गईं। आग की चपेट में आने से एक झुग्गी में सो रहा उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के समालपखा निवासी शिव बाबू (35) जिंदा जल गया। वह ढाई महीने पहले परिजनों से लड़-झगड़कर रोजी रोटी की तलाश में बहादुरगढ़ आया था।
आग की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचीं दमकल की तीन गाड़ियों की मदद से 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बाद में पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल में भिजवाया और परिजनों को घटना की सूचना दी।
रविवार की देर रात करीब दो बजे छोटूराम नगर में अवैध रूप से संचालित पीवीसी के गोदाम में आग सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब एक एकड़ क्षेत्र में फैले कबाड़, झुग्गियों और मशीनों को अपनी चपेट में ले लिया।
इस दौरान झुग्गी में सो रहे शिव बाबू की गंभीर रूप से झुलसने के कारण मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची और रातभर राहत और बचाव कार्य किया। आठ घंटे तक लगातार मशक्कत के बाद सोमवार सुबह लगभग 10 बजे आग पर काबू पाया जा सका।
आग बुझने के बाद मलबे में एक युवक का कंकाल बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है। परिजनों के बयान के आधार पर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी है। बताया जा रहा है कि शिव बाबू करीब ढाई महीने पहले ही बहादुरगढ़ आया था और छोटूराम नगर में प्लास्टिक वेस्ट के काम से जुड़ा हुआ था।
अवैध कारोबार बना बड़ा खतरा
शहर में पीवीसी का अवैध कारोबार लंबे समय से गंभीर समस्या बना हुआ है। विभिन्न इलाकों में बिना अनुमति के ऐसे गोदाम संचालित हो रहे हैं, जहां बार-बार आग की घटनाएं होती रहती हैं। इनसे उठने वाला जहरीला धुआं पर्यावरण और लोगों की सेहत पर बुरा असर डाल रहा है। छोटूराम नगर निवासी संतोष कुमार, मोनू, सतबीर सिंह ने आरोप लगाया कि प्रशासन की कार्रवाई केवल नोटिस और कागजी औपचारिकताओं तक सीमित है। ठोस कार्रवाई के अभाव में अवैध गोदाम लगातार बढ़ रहे हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
वर्जन
बहादुरगढ़ के छोटूराम नगर में पीवीसी कबाड़ में आग लगने से उत्तर प्रदेश के गोंडा निवासी एक युवक की जिंदा जलने से मौत हो गई। शव को नागरिक अस्पताल में रखवाया गया। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।-अजय कुमार, एसएचओ, लाइनपार थाना, बहादुरगढ़।