पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, एलडीए, सिंचाई विभाग व आवास विकास परिषद के कार्यक्षेत्र से जुड़ी सड़कों पर 1400 से अधिक ऐसे अतिक्रमण स्थल चिह्नित हुए हैं, जिन्हें अभियान के तहत हटाने की कार्रवाई होगी।
इसमें सबसे ज्यादा 149 अतिक्रमण स्पॉट लखनऊ कानपुर राजमार्ग पर, 83 स्पॉट अवध चौराहा से हरदोई रोड तक और 56 स्पॉट कैम्पवेल मार्ग पर चिह्नित हुए हैं। इसके आधार पर चिह्नित सड़क मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए 15 दिन तक चलाए जाने वाले सघन अभियान की तैयारी की गई है।
इसके तहत पहले दौर में नगर निगम क्षेत्र और फिर ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े प्रमुख सड़क मार्गों से अतिक्रमण स्पॉट हटाने की कार्रवाई होगी। इसके लिए जोनवार स्तर पर सात अलग-अलग टीमों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स को लगाया जाएगा।
जोनवार गठित हर टीम की अगुवाई संबंधित एडीएम या एसीएम करेंगे। इनके साथ ही टीम में पुलिस, नगर निगम, एलडीए, पीडब्ल्यूडी, आवास विकास परिषद व सिंचाई विभाग से नामित अधिकारी शामिल रहेंगे।
जिस इलाके में अतिक्रमण हटाने को ध्वस्तीकरण कार्रवाई होगी वहां अगले दिन कोर कमेटी निरीक्षण भी करेगी ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो। ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े राजमार्गों के किनारे के अतिक्रमण को हटवाने की कार्रवाई संबंधित एसडीएम व तहसीलदार की अगुवाई में होगी।
31 दिसंबर तक शिफ्ट होंगे ट्रांसफार्मर-पोल
सड़कों के चौड़ीकरण कार्य में अड़चन पैदा करने वाले बिजली ट्रांसफार्मर व पोल को भी विद्युत विभाग के अधिकारियों से सामंजस्य बना कर शिफ्ट कराने का कार्य 31 दिसंबर तक पूरा कराया जाएगा।
लेसा अधिकारी नगर निगम के साथ सामंजस्य कर इन्हें नए चिह्नित स्थानों पर शिफ्ट कराने का कार्य करेंगे। सिग्नल एवं जेब्रा लाइन दुरुस्त बनाने के साथ सभी प्रमुख रूट व चौराहा की ट्रैफिक सिग्नल लाइट को भी पूरी तरह क्रियाशील बनाने का कार्य कोर कमेटी कराएगी।