चकरनगर। सीएचसी राजपुर की बिजली आपूर्ति ग्रामीण फीडर से की जा रही है। इससे अस्पताल को दिन भर में एक-दो ही घंटे आपूर्ति मिल पा रही है। बुधवार की बात करें तो अस्पताल के समय करीब पांच घंटे बिजली गुल रही। इसकी वजह से 40 मरीजों को बिना जांच के लौटना पड़ा। 40 से 50 किमी दूर से अस्पताल आने वाले मरीज जांच न हो पाने से परेशान हो रहे हैं।
सीएचसी राजपुर में बुधवार सुबह से लाइट नहीं आई। इस दौरान ठंड में दूर-दूर से आने वाले मरीज परेशान रहे। एसडीओ से शिकायत के बाद दोपहर एक बजकर 18 मिनट पर बिजली आई। इसके बाद जांच शुरू हुई। इसके बाद एक बजकर 56 मिनट पर लाइन फिर से चली गई। इसके बाद दोपहर दो बजकर 10 मिनट पर आई। बार-बार बिजली गुल होने से अस्पताल की सीबीसी मशीन और एलएफटी मशीन नहीं चल पाई, जिससे मरीजों की जरूरी जांचें नहीं हो पा रहीं।
जांच के अभाव में डॉक्टर दवाएं भी नहीं लिख पाए। मरीजों का कहना है कि वह करीब 50 किलोमीटर दूर से टेंपो और अन्य साधनों से सीएचसी पहुंचे थे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. महेश पाल सिंह ने बताया कि बिजली समस्या को लेकर वह कई बार लिखित शिकायत कर चुके हैं। अस्पताल की बिजली आपूर्ति को तहसील फीडर से जोड़ने की मांग की गई थी, ताकि अस्पताल को नियमित और पर्याप्त विद्युत आपूर्ति मिल सके लेकिन उस पर भी अभी तक कोई निर्णय नहीं हुआ है।
अधीक्षक से तहसील फीडर से लाइट जुड़वाने के लिए मांग की थी। एसडीओ से लाइट तहसील फीडर से जुड़वाने के लिए बोला था। इस मामले में अधिशाषी अभियंता से बात करते है। अस्पताल में लाइट न मिलना गंभीर समस्या है।
-ब्रह्मानंद कठेरिया, एसडीएम चकरनगर