दुल्लहपुर में स्कूल की बसों की चेकिंग करते एआरटीओ भवानीदीन।
एटा में स्कूली बस और ट्रक के बीच हुई भिड़त में 13 बच्चों की मौत के बाद जिला प्रशासन की नींद खुल गई है। परिवहन विभाग ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्कूल के डग्गामार वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। शुक्रवार को की गई कार्रवाई में कागजों के अभाव में आैर क्षमता से अधिक संख्या में बच्चों को बैठाने के आरोप में आठ स्कूली बसों और चार मैजिकों का चालान किया गया। इसके चलते स्कूल संचालकों और बस चालकों में हड़कंप की स्थिति रही।
एटा की घटना को शासन ने गंभीरता से लिया। इसी के मद्देनजर शुक्रवार को एआरटीओ भवानीदीन मातहतों के साथ सड़कों पर उतर गए और स्कूली वाहनों की चेकिंग शुरू कराई। एआरटीओ के नेतृत्व में दुल्लहपुर रोड पर स्कूली बसों के कागजातों की जांच के दौरान बसों और मैजिक चालकों के पास न तो कागजात थे और कागज भी थे तो बच्चों की संख्या अधिक थी। इस पर एआटीओ ने बस चालक और मैजिक चालकों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए 12 स्कूली बसों का चलान कर दिया। जिसमें आठ बस और चार मौजिक शामिल हैं।
एआटीओ भवानीदीन ने बताया कि यह अभियान लगातार चलता रहेगा। साथ ही स्कूल संचालकों को भी जानकारी दे दी गई है कि बसों, मैजिकों सहित अन्य स्कूली वाहनों के कागजात सही रहे। साथ ही निर्धारित संख्या से अधिक बच्चे न बैठाएं। चेतावनी दी कि अगर मानकों की अनदेखी की गई तो पकड़े जाने पर स्कूल संचालक और वाहन स्वामियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।