लोटे के इस पानी को पीकर देखो साहब, हम रोज पीते हैं...
- फोटो : amar ujala
पानी एकदम खारा है। गंदा भी है। आप (जिलाधिकारी के लिए) भी जरा इस पानी को पीकर देखिए, हम तो रोज पीते हैं। घर घर जाकर देख लीजिए बीमारों की लाइन मिल जाएगी। हमें तो सबसे पहले पीने का पानी चाहिए। यह कहना था अलवाई गांव की महिलाओं का। यह महिलाएं अपने गांव में बने बिजली घर के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंची थीं।
कैबिनेट मंत्री शनिवार को छाता के गांव अलवाई में 220 केवी बिजलीघर का लोकार्पण करने पहुंचे थे। प्रशासनिक अमला भी वहां था। बिजलीघर बनने से लोगों में खुशी तो थी लेकिन उन्हें बेचैनी इस बात की थी कि मुख्य समस्या का कोई समाधान नहीं कर रहा है। छाता विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख समस्या खारा पानी है। पानी पीने योग्य नहीं है। लोग बीमार हो रहे हैं।
इस मुद्दे को अलवाई गांव की महिलाओं ने शिद्दत के साथ उठाया। वह लोटे में पानी लेकर पहुंच गईं। जिलाधिकारी को लोटा दिया और कहा कि साहब जरा इस पानी को पीकर तो देखिए। हम तो रोज पी रहे हैं। जब हल्ला मचा तो कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा भीड़ में पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।
आश्वासन दिया कि खारे पानी की समस्या का जल्द ही समाधान करा दिया जाएगा। सरकार जल्द ही मीठा पानी उपलब्ध कराएगी। ग्रामीणों ने अपने गांव में भी बिजली की मांग उठाई। कैबिनेट मंत्री ने विद्युत अफसरों को निर्देश दिए कि सर्वे कराने के बाद हर घर को बिजली दी जाए।