झज्जर। बिना मान्यता के चल रहे निजी स्कूलों पर कार्रवाई को लेकर मौलिक शिक्षा निदेशालय ने सख्ती दिखाई है। निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को ऐसे स्कूलों को बंद करवाने और 2 नवंबर तक कार्रवाई की रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।
निदेशालय ने 27 अक्तूबर को जारी दूसरे रिमाइंडर में कहा कि इससे पहले 4 और 20 अगस्त को भी इस संबंध में पत्र जारी किए गए थे। अधिकारियों को अपने क्षेत्र में बिना मान्यता वाले स्कूलों की पहचान कर उन्हें बंद करवाने और कार्रवाई की रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद मुख्यालय को रिपोर्ट नहीं मिली है।
निदेशालय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विभागीय आदेशों की सख्ती से पालना करते हुए ऐसे स्कूलों की सूची तैयार करें और निर्धारित समय सीमा में रिपोर्ट भेजें। इसके बाद निदेशालय स्तर पर कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी।