साल्हावास। हरियाणा राज्य परिवहन निगम की बसों में समान दूरी के लिए अलग-अलग किराया वसूला जा रहा है। इससे यात्रियों की जेब पर बोझ पड़ रहा है। वित्त लेखा एवं परीक्षा योजना कमेटी के पूर्व अध्यक्ष रमेश शर्मा ने शिकायत की है।
रमेश शर्मा बुधवार को खानपुर खुर्द से मातनहेल गए थे। बस टिकट पर 18 किलोमीटर की दूरी के लिए 20 रुपये किराया लिया गया। वापसी में मातनहेल से खानपुर खुर्द के लिए 25 किलोमीटर की दूरी का 25 रुपये किराया लिया गया। उन्होंने परिचालक से बात करनी चाही तो चालक ने बदसलूकी की। चालक ने बस रोककर रमेश को बस से नीचे फेंकने की धमकी भी दी। पीड़ित ने तुरंत हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक अनित यादव और लेखाकार कृष्ण जांगड़ा को फोन पर सूचना दी। दोनों अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बस का निर्धारित मार्ग झाड़ली से मोहनबाड़ी, गोरिया, खानपुर खुर्द मोड़ होते हुए बहु झोलरी तक है। इस मार्ग के लिए 25 रुपये किराया तय है। चालक बस को निर्धारित मार्ग पर न ले जाकर झाड़ली से सीधे खानपुर खुर्द होते हुए बहु झोलरी ले गया। इससे कम दूरी तय करने के बावजूद यात्रियों को 5 रुपये अधिक किराया देना पड़ा। झाड़ली, मोहनबाड़ी और गोरिया गांव के यात्रियों को भी असुविधा हुई।
वर्जन
मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है। नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।-दीपक, ट्रैफिक मैनेजर, हरियाणा रोडवेज परिवहन निगम, झज्जर