19jjrp04- बेरी स्थित माता भीमेश्वरी देवी के मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
बेरी। धर्मनगरी बेरी में सोमवार को नवमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन कर व्रत खोले और मां दुर्गा से सुख, शांति व समृद्धि की कामना की। मां भीमेश्वरी देवी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं। मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। जगह-जगह भंडारों का आयोजन भी किया गया।
नवमी पर श्रद्धालुओं ने कन्याओं के पैर धोकर, तिलक लगाकर पूजन किया और उन्हें भोजन कराने के बाद उपहार भेंट किए। हालांकि, बेरी में कन्याओं की कमी के चलते कई श्रद्धालुओं को कन्या पूजन के लिए इधर-उधर जाना पड़ा। श्रद्धालु गीता, ममता, नीलम और संगीता ने बताया कि नौ दिन व्रत रखने के बाद नवमी पर कन्याओं को भोजन कराकर व्रत खोले।
मेला संपन्न होने पर पुजारी ने जताया प्रशासन का आभार
मां भीमेश्वरी देवी मंदिर का मेला संपन्न होने पर मंदिर के पुजारी कुलदीप वशिष्ठ ने जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने बताया कि डीसी वर्षा खांगवाल, श्राइन बोर्ड की सीईओ एवं बेरी एसडीएम रेणुका नांदल और डीसीपी धारणा यादव के नेतृत्व में पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने व्यवस्थाएं संभालीं। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान धार्मिक आस्था और श्रद्धा का माहौल रहा।
19jjrp04- बेरी स्थित माता भीमेश्वरी देवी के मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।