झज्जर। दशहरा पर्व के उपलक्ष्य में शहर में धार्मिक उत्साह का माहौल है। बेरी गेट शिव मंदिर, बूढ़ा महादेव मंदिर, हरिपुरा मढ़ी माता मंदिर और बाबा कांशीगिरि मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों से जुड़े हनुमान भक्त जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारे लगाते हुए बहादुरगढ़ रोड स्थित रामलीला ग्राउंड पहुंचे।
यहां चल रही प्राचीन रामलीला के मंचन में शामिल होकर भक्तों ने प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद लिया। सिद्ध श्री 1008 बाबा कांशीगिरि महाराज मंदिर से श्री वीर हनुमान सेवा समिति के प्रधान सुभाष वर्मा के नेतृत्व में बजरंगी सेना की पैदल यात्रा निकाली गई। मुकुटधारी बजरंगी हनुमान की परंपरा 64 वर्षों से निभाई जा रही है।
यात्रा से पहले पंडित पवन कौशिक ने मुकुट धारण किए हनुमान स्वरूपों की पूजा-अर्चना करवाई। इसके बाद श्रद्धालुओं और समिति सदस्यों ने बालाजी महाराज की आरती कर यात्रा शुरू की।
मनीष मेहता ने बताया कि जितेंद्र महाराज, हेमंत महाराज, मनोहर महाराज, गुरुप्रीत महाराज, सक्षम महाराज, आरव महाराज, पारस महाराज, मयंक महाराज, श्रीकांत महाराज, सुनील महाराज और अमन महाराज सहित अन्य भक्त विशेष मुकुट धारण कर रामलीला मंचन स्थल पर पहुंचे।
इस अवसर पर मंदिर समिति के प्रधान सुधांशु हंस, महासचिव देवराज भूगड़ा, राघव-योगेश रंजन, मनीष मेहता, वीके शर्मा, वर्मा सुभाष, भारत भूषण नंदा, मोक्ष-राजेंद्र वधवा और शिवम तनेजा मौजूद रहे।