2-दुर्गा कॉलोनी में बालाजी वाली गली में विक्रेता विरेंद्र राठी से सामान खरीदते हुए । संवाद
रोहतक। नवरात्र से बाजारों में रौनक तेज हो गई है। व्रत में उपयोग होने वाले कुट्टू का आटा, सिंघाड़ा और साबूदाना की मांग में तेजी देखी जा रही है। बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है।
ग्राहकों की बढ़ी मांग के कारण दुकानदार खुश नजर आ रहे हैं। डी पार्क स्थित दुकानदार पंकज ने कहा कि नवरात्र कारण बिक्री में अच्छा इजाफा हुआ है। आलू के चिप्स, साबूदाना और फलहारी नमकीन जैसे स्नैक्स लोग खूब पसंद कर रहे हैं।
व्रत सामग्री की बिक्री में 40 फीसदी तक उछाल
किराना दुकानदार हितेश ने बताया इस बार व्रत सामग्री की बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 30 से 40 फीसदी तक वृद्धि दर्ज की गई है। कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, साबूदाना और मखाने सबसे ज्यादा बिकने वाले उत्पादों में शामिल हैं। नवरात्र के दौरान अब लोग घर पर बनाने के बजाय रेडीमेड व्रत स्नैक्स को ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
रेस्टोरेंट्स में व्रत थाली का ट्रेंड
शहर के रेस्टोरेंट्स और ढाबों में भी व्रत थाली का ट्रेंड देखने को मिल रहा है। स्पेशल थाली में कुट्टू की पूरी, आलू की सब्जी, सामक चावल, साबूदाना खिचड़ी, मखाना खीर, दही, रायता और फलाहारी मिठाइयां परोसी जा रही हैं। संवाद