इटावा। लगातार अभ्यास, नियमित दिनचर्या ही सफलता का मंत्र है। यह बात मंगलवार रात पुलिस लाइन में महिला रिक्रूट्स के साथ वार्ता करते हुए अंतरराष्ट्रीय एथलीट पदमश्री अंजू बॉबी जॉर्ज ने कही।
एक रिक्रूट के सवाल पर जॉर्ज ने कहा कि मेरी सफलता एक लंबी यात्रा थी। अभ्यास के दौरान मेरे पैर में फ्रैक्चर हो गया था। इसकी वजह से डॉक्टर ने मुझे खेल से लंबे समय तक दूर रहने को कहा लेकिन दो वर्ष बेड रेस्ट के बाद मैंने फिर से अभ्यास शुरू किया और निरंतर प्रयास व कठिन परिश्रम के साथ वर्ल्ड चैंपियनशिप जीती।
आप कभी हार न माने, लगातार परिश्रम ही सफलता की गारंटी है। बताया कि बचपन में पांचवीं कक्षा से सुबह 4.30 बजे उठ कर खेल मैदान में अभ्यास, उसके बाद स्कूल फिर शाम को खेल का अभ्यास।
बताया कि शादी के बाद पति, जो मेरे कोच भी थे, ने संतुलित आहार, लगातार अभ्यास तथा नियमित दिनचर्या के लिए प्रेरित किया और यही मेरी सफलता की कुंजी भी है। कार्यक्रम में एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, सीओ आयुषी सिंह आदि मौजूद रहे।