झज्जर। अनाज मंडियों में बाजरे की खरीद नहीं होने से आढ़ती और किसान परेशान हैं। झज्जर अनाज मंडी के आढ़तियों ने बाजरे की खरीद शुरू नहीं होने पर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि मंगलवार को समाधान नहीं हुआ तो बुधवार से सभी आढ़ती धरना देंगे और हड़ताल पर चले जाएंगे।
मंडियों में बाजरे की खरीद शुरू नहीं होने पर अनाज मंडी के आढ़ती जिला उपायुक्त से मिलने पहुंचे। इस दौरान आढ़तियों ने डीसी को समस्याएं बताईं। डीसी ने आढ़तियों की समस्याओं व मांगों को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। आढ़तियों ने ज्ञापन भी सौंपा।
झज्जर अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान विनोद पूनिया ने बताया कि ज्ञापन में कहा गया है कि सरकार की तरफ से तय मूल्य पर किसानों का बाजरा खरीदने का काम किया जाए। अनाज मंडी के गेट नंबर-तीन पर हो रही पार्किंग को हटाया जाए और मंडी छोटी होने से किसानों व आढ़तियों को परेशानी होगी। इसका समाधान भी कराया जाए।
अगर सरकार बाजरा नहीं खरीदेगी तो वह धरना व हड़ताल करेंगे। उन्होंने कहा कि जिला उपायुक्त ने आश्वासन दिया है, लेकिन आश्वासन से बात नहीं बनेगी। बाजरे की खरीद से बात बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि बाजरे की खरीद को लेकर सरकार जल्द से जल्द स्थिति स्पष्ट करें ताकि आढ़तियों की तरफ से फैसला लिया जा सकें।
पूर्व प्रधान की हड़ताल जारी
झज्जर अनाज मंडी में अनाज मंडी झज्जर आढ़ती एसोसिएशन के पूर्व प्रधान हरेंद्र सिलाना की भूख हड़ताल व धरना भी लगातार जारी है। पूर्व प्रधान 2900 रुपये प्रति क्विंटल बाजरे की खरीद किए जाने को लेकर धरने व भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इसके अलावा खरीद शुरू नहीं किए जाने के चलते अन्य आढ़तियों के हड़ताल पर जाने की सूचना के बाद पूर्व प्रधान हरेंद्र ने सभी आढ़तियों का उनके धरने पर आने का स्वागत किया है।
अब तक फसल की आवक व खरीद
जिले की अनाज मंडियों में अब तक बाजरे की फसल के लिए 1815 किसानों के गेट पास काटे गए हैं, जिनसे 51308 क्विंटल बाजरे की आवक दर्ज की गई। बाजरे की खरीद अभी शुरू नहीं हुई है। इसके अलावा अब तक तीन किसानों से 104 क्विंटल पीआर धान की आवक हुई है, जो अभी नहीं खरीदा गया है। वहीं, झज्जर अनाज मंडी में सोमवार को 1509 व 1692 किस्म का 1000 क्विंटल मशीन का धान 3900 से 3950 रुपये प्रति क्विंटल खरीदा गया। इसके अलावा हाथ का 150 क्विंटल धान 4150 से 4200 रुपये प्रति क्विंटल खरीदा गया।
वर्जन
अनाज मंडी में बाजरे की आवक लगातार जारी है। झज्जर मंडी में तीनों गेटों पर गेट पास काटे जा रहे हैं। गेट पास को लेकर किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं है। वहीं, बाजरे की खरीद को लेकर सरकार की तरफ से उनको अभी तक कोई पत्र जारी नहीं हुआ है।-कुलदीप जाखड़, सचिव, मार्किट कमेटी झज्जर