कन्नौज/तालग्राम/तिर्वा। तालग्राम के दलापुरवा गांव में ठंड लगने से मासूम की मौत हो गई। सोमवार की दोपहर को पीड़ित होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से उसे कानपुर रेफर किया गया था। परिजन ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उसकी मौत हो गई। उधर, मेडिकल कालेज में कोल्ड फीवर से पीड़ित 96 बच्चों का इलाज किया गया। डाक्टरों ने बच्चों के परिजनों को खास सावधानी बरतने की नसीहत दी है।
तालग्राम थानाक्षेत्र के दलापुरवा निवासी अनुज कुमार के छोटे पुत्र अर्पित (2) की सोमवार दोपहर को ठंड लगने से हालत बिगड़ गई। परिजन पीएचसी ले गए। जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी। परिजनों ने सोमवार रात को बच्चे को गुरसहायगंज के एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। डाक्टर ने तड़के बच्चे की हालत न सुधरने पर कानपुर रिफर कर दिया। परिजन कानपुर ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि बच्चे ने दम तोड़ दिया। नर्सिंगहोम के बाल रोग विशेषज्ञ डा. वाईबी सिंह ने बताया कि बच्चा ठंड और डायरिया से पीड़ित था।
उधर, मेडिकल कालेज में ठंड से पीड़ित 96 बच्चे इलाज के लिए पहुंचे। इनका बाल रोग विभाग के एचओडी डा. एसजी मिश्रा, डा. नरेंद्र सिंह, बाल रोग विशेषज्ञ डा. सुप्रियंका, डा. अभिषेक, डा. मारकंडे, डा. नीतू सिंह ने इलाज किया। ज्यादातर बच्चों में बुखार, जुकाम, खासी और डायरिया के लक्षण मिले। एचओडी डा. एसजी मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को मेडिकल कालेज में 96 बच्चों का ओपीडी के लिए पंजीकरण हुआ है। इन बच्चों में कोल्ड फीवर के लक्षण मिले हैं। उधर, जिला अस्पताल में भी आठ बच्चे कोल्ड फीवर की चपेट में आकर इलाज के लिए पहुंचे। बाल लोग विशेषज्ञ डा. सुमित सचान ने इलाज किया। एक बच्चे को हालत गंभीर होने पर भर्ती किया गया है। उपचार के बाद उसकी हालत ठीक है।
ठंड से पनपता है इंफ्लूंजा वायरस
तिर्वा। मेडिकल कालेज के बाल रोग बाल रोग चिकित्सक डा. अभिषेक ने बताया कि सर्दी के मौसम में इंफ्लूंजा वायरस का प्रकोप बढ़ जाता है। इस वजह से बच्चों में कोल्ड फीवर, त्वचा संबंधी बीमारियां व डायरिया होने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों का सर्दी से बचाव करें। उन्हें गर्म कपड़ों से ढककर रखें। खुले में न ले जाएं। ठंडे पानी के स्थान पर गुनगुना पानी बच्चों को दें। एक से दो वर्ष तक के बच्चों को मां के दूध के अलावा दलिया, गाढ़ी दाल भोजन के रूप में दें। दो वर्ष से आठ वर्ष तक के बच्चों को प्रोटीन युक्त भोजन दें। बाहरी खाद्य पदार्थों से परहेज रखें। सर्दियों में यदि घूमने जाएं तो बच्चों को ले जाने से बचें।
न्यूनतम तापमान बढ़ा, ठंड से राहत नहीं
कन्नौज। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को तापमान में इजाफा हुआ है लेकिन ठंड से लोगों को राहत नहीं मिली। सोमवार को अधिकतम तापमान 22 और न्यूनतम 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मंगलवार को अधिकतम तापमान में तो कोई परिवर्तन नहीं हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान बढ़कर 7.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शीत लहर का प्रकोप आज भी जारी रहा। इससे गलन बढ़ गई। सुबह कोहरे की चादर बिछी रही और लोगों को दिन में 10 बजे भी वाहन की लाइट जलाकर चलना पड़ा। सीएसए के मौसम वैज्ञानिक डा. अनिरुद्ध दुबे के मुताबिक मौसम में अभी गिरावट होगी। कोहरे का प्रकोप इसी तरह जारी रहेगा।